पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज लुधियाना जिले के गांव ओटालां और लिबड़ा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां के किसान भाइयों से मुलाकात की और खेती के लिए उपलब्ध बिजली और नहरी पानी की स्थिति की समीक्षा की। सीएम ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और ज़मीनी हालात को जाना।
किसानों ने बताया- मिल रही है निर्बाध बिजली और नहरी पानी
मुख्यमंत्री को किसानों ने बताया कि उन्हें बिजली और नहरी पानी की कोई कमी नहीं झेलनी पड़ रही है। उन्हें निरंतर और पर्याप्त मात्रा में बिजली तथा नहरी पानी की आपूर्ति मिल रही है। किसानों ने बताया कि नहरों से मिलने वाला पानी खनिजों से भरपूर है, जिससे इस बार फसल की गुणवत्ता और उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है।
किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
सीएम भगवंत मान ने कहा कि किसानों के चेहरों पर दोबारा मुस्कान देख कर उन्हें बेहद खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि किसान और खेती हमेशा उनकी सरकार की प्राथमिकता रहे हैं और इस क्षेत्र को दोबारा मजबूती देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

बिना सिफारिश और रिश्वत के दी गईं 55,000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नौजवानों के रोजगार से जुड़ी उपलब्धियां भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि अब तक 55,000 से अधिक युवाओं को बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ घरों में दो-दो सरकारी नौकरियां भी दी गई हैं।
हर मेहनती युवा को मिलेगा रोजगार का अवसर
सीएम मान ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार में कोई भी मेहनती नौजवान नौकरी से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा किसानों और युवाओं में नई उम्मीदें जगा रहा है।
