हफ्ते के पहले कारोबारी दिन की शुरुआत सोने और चांदी के लिए सकारात्मक रही। सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमत 0.15 फीसदी की तेजी के साथ 99,992 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। हालांकि यह अब भी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे है। हाल ही में सोना एक लाख रुपये का आंकड़ा पार कर चुका था, लेकिन फिलहाल इसमें हल्की गिरावट से राहत मिल रही है।
चांदी के भाव में भी सुधार
सोने के साथ-साथ चांदी के दामों में भी सुधार देखा गया। MCX पर चांदी की कीमत 0.23 फीसदी बढ़कर 1,14,207 रुपये प्रति किलो हो गई। यह तेजी पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद आई है। हालांकि, यह अब भी अपने उच्चतम स्तर से नीचे चल रही है। 23 जुलाई को चांदी ने 1,15,850 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था।
पिछले हफ्ते देखने को मिली गिरावट
बीते हफ्ते सोने और चांदी के भाव में बड़ी गिरावट आई थी। 14 अगस्त को इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 74 रुपये टूटकर 1,00,023 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। इससे पहले यह 1,00,097 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी की कीमत उस दिन 342 रुपये गिरकर 1,14,933 रुपये प्रति किलो पर आ गई थी।
रिकॉर्ड स्तर पर कब पहुंचे थे सोना-चांदी?
सोने ने 8 अगस्त को 1,01,406 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ था, जबकि चांदी 23 जुलाई को 1,15,850 रुपये प्रति किलो के शिखर पर पहुंची थी। मौजूदा स्तर इन ऊंचाइयों से कम हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार और निवेशकों की मांग के कारण कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
विशेषज्ञों का मानना है कि निकट भविष्य में सोना-चांदी की कीमतों में हलचल जारी रह सकती है। महंगाई, डॉलर की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग-आपूर्ति की स्थिति इन धातुओं के दाम तय करेगी। ऐसे में निवेशकों को सलाह दी जाती है कि वे तेजी में खरीदारी करने से पहले दीर्घकालिक निवेश रणनीति अपनाएं।
