पंजाब हाल ही में बाढ़ के गंभीर संकट से जूझ चुका है। कई गांवों और शहरों में पानी भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। लेकिन जैसे-जैसे पानी उतर रहा है, वैसे-वैसे राहत और पुनर्निर्माण का नया अध्याय शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में सरकार ने राज्यभर में 14 सितंबर से 23 सितंबर तक सफाई और बहाली का विशेष अभियान शुरू किया है। यह मुहिम 2300 से अधिक गांवों और शहरी वार्डों में एक साथ चल रही है।
हर गली–मोहल्ले तक सफाई का लक्ष्य
इस महाअभियान का मकसद सिर्फ पानी निकालना नहीं, बल्कि हर गली, हर मोहल्ले और हर वार्ड को पहले से ज्यादा स्वच्छ और सुरक्षित बनाना है। नगर निगमों, परिषदों और पंचायतों को साफ निर्देश मिले हैं कि बाढ़ से जमा हुई गाद, गंदगी और सिल्ट पूरी तरह हटाई जाए। इसके लिए हज़ारों सफाई कर्मचारी, 200 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियां, 150 से ज्यादा JCB मशीनें और सैकड़ों स्वास्थ्यकर्मी लगातार फील्ड में डटे हुए हैं।
जोन वाइज निगरानी
सरकार ने पारदर्शिता और दक्षता के लिए जोन वाइज ज़िम्मेदारी तय की है। हर ज़ोन को एक नोडल अधिकारी सौंपा गया है, जो प्रतिदिन स्थल पर रहकर काम की निगरानी कर रहे हैं। जिलों में एडीसी और नगर निगमों में कमिश्नर को विशेष ज़िम्मेदारी दी गई है कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे। मुख्यमंत्री मान खुद भी इस पूरे अभियान की सीधी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं पर भी फोकस
सफाई के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में दवा का छिड़काव, साफ पानी की आपूर्ति और प्राथमिक चिकित्सा शिविर शुरू किए हैं। इससे महामारी जैसी स्थितियों को रोका जा सकेगा। साथ ही, इंजीनियरिंग टीमें घरों, दुकानों, सड़कों और अन्य ढांचागत नुकसान का सर्वे भी कर रही हैं, ताकि प्रभावित लोगों को मुआवजा जल्द मिल सके।
काम से पहले और बाद का रिकॉर्ड
एक खास पहल के तहत हर जगह ‘काम से पहले और बाद’ की तस्वीरें ली जा रही हैं। इससे यह सुनिश्चित होगा कि काम अधूरा न रहे और सरकारी मदद सही जगह तक पहुंचे। यह पारदर्शिता लोगों का भरोसा बढ़ा रही है।
मैदान में उतरी टीमें
14 सितंबर की सुबह से ही प्रशासनिक टीमें ट्रैक्टर-ट्रालियों और मशीनों के साथ गांव-गांव में पहुंच गईं। JCB मशीनों की आवाज़ और सफाई कर्मचारियों की हलचल ने साफ कर दिया कि पंजाब अब राहत से आगे बढ़कर पुनर्निर्माण की दिशा में कदम रख चुका है। लोग भी कह रहे हैं कि पहली बार सरकार इतनी तेजी और गंभीरता से गली-गली तक पहुंची है।
जनता के बीच से जवाब
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ कहा है कि यह कोई औपचारिक मुहिम नहीं, बल्कि हर नागरिक के घर-आंगन को फिर से खुशहाल बनाने की जंग है। यही कारण है कि लोग महसूस कर रहे हैं कि सरकार सिर्फ कागज़ी घोषणा नहीं कर रही, बल्कि जमीन पर खड़े होकर काम कर रही है। विपक्ष जहां सवालों की तैयारी कर रहा है, वहीं सरकार अपने काम से जवाब दे रही है।
नई उम्मीद की शुरुआत
इस बाढ़ ने पंजाब को ज़रूर चुनौती दी, लेकिन सरकार और जनता की साझी कोशिश ने इसे हिम्मत और एकजुटता की कहानी में बदल दिया है। अब पूरा पंजाब कह रहा है—
“मान सरकार सिर्फ वादों से नहीं, काम से खड़ी है… सिर उठाके, सीने ठोक के अपने लोकां दे नाल, हर वक्त, हर हाल।”
यह विशेष सफाई और पुनर्निर्माण अभियान पंजाब की नई शुरुआत का प्रतीक बन गया है, जहां संकट के बाद उम्मीद और विश्वास की नई किरण दिख रही है।
