चंडीगढ़ के सुखना लेक पर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक स्टंट करते हुए बोटिंग एरिया के पास अचानक 20 फीट गहरे पानी में गिर गया। बताया जा रहा है कि रील बनाते समय उसका पैर फिसल गया और सिर सीधे एक पत्थर से टकरा गया, जिससे वह बेहोश हो गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक ने सफेद पैंट और काली शर्ट पहनी हुई है और वह काफी पीछे से दौड़कर आकर बाउंड्रीवॉल पर चढ़ता है। वह दूसरी तरफ छलांग लगाने की कोशिश करता है लेकिन उसका पैर ठीक से नहीं टिकता और वह सीधे पानी में जा गिरता है। इस हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच गई।
वीडियो की पृष्ठभूमि में बॉलीवुड का गाना ‘ये क्या हुआ, कैसे हुआ’ बज रहा है, जो इस दृश्य को और भी भावुक बना देता है। वीडियो में सुखना लेक पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जहां कुछ लोग टहल रहे हैं, कुछ बोटिंग का आनंद ले रहे हैं और कई लोग झील की बाउंड्री पर बैठे हैं।
गनीमत रही कि समय रहते युवक को बाहर निकाल लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर चेतावनी जारी की है कि ऐसे स्टंट करना न केवल गैरकानूनी है बल्कि जानलेवा भी हो सकता है।
यह घटना एक कड़ी चेतावनी है उन लोगों के लिए जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। सुरक्षा को हल्के में लेना कभी-कभी भारी पड़ सकता है।
