विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर ने प्रेस वार्ता के दौरान गुरबाणी के प्रसारण को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के सामने कई मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि गुरबाणी का प्रसारण पूरी दुनिया में बिना किसी शुल्क के उपलब्ध होना चाहिए, ताकि देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु आसानी से इसका लाभ ले सकें।
इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि वर्ष 2023 में पीटीसी चैनल के गुरबाणी प्रसारण से जुड़े अधिकार समाप्त हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रसारण जारी है। उन्होंने इस पूरे मामले में स्पष्टता लाने की जरूरत बताई और कहा कि इससे जुड़े सभी पहलुओं पर पारदर्शी निर्णय लिया जाना चाहिए।
विधायक ने सुझाव दिया कि गुरबाणी के प्रसारण के लिए SGPC को अपने स्वयं के उपकरण और प्रसारण व्यवस्था विकसित करनी चाहिए। उनका कहना था कि इससे प्रसारण व्यवस्था पर संस्थागत नियंत्रण मजबूत होगा। इसके अलावा उन्होंने सिख ज्यूडिशियल कमीशन के अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर समय रहते निर्णय लिया जाना आवश्यक है ताकि धार्मिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।
