पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना (MMSY) के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को हर साल ₹10 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी भी व्यक्ति का इलाज न रुकने देना है। सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में हजारों उपचार पैकेजों का लाभ दिया जा रहा है।
5 महीनों में 3.7 लाख से अधिक मरीजों का मुफ्त इलाज
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना शुरू होने के लगभग 5 महीनों के भीतर 3.7 लाख से अधिक मरीजों ने इसका लाभ उठाया है। इन मरीजों के इलाज पर करीब ₹654 करोड़ खर्च किए गए हैं। यह इलाज पूरी तरह कैशलेस रहा, जिससे मरीजों और उनके परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिली।
लाखों परिवारों तक पहुंची योजना
अब तक 47.2 लाख से अधिक सेहत कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनसे 23 लाख परिवार जुड़े हैं। योजना के तहत राज्यभर में 835 अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जिनमें सरकारी और निजी दोनों अस्पताल शामिल हैं। सरकार स्वास्थ्य कार्ड डाउनलोड करने और पंजीकरण की प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए व्हाट्सऐप सुविधा और मोबाइल ऐप पर भी काम कर रही है।
गंभीर बीमारियों के इलाज में भी मदद
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत हृदय रोग, कैंसर, श्वसन रोग, सर्जरी, मातृत्व सेवाओं सहित कई गंभीर बीमारियों का इलाज शामिल है। हाल के आंकड़ों के अनुसार, श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित 3,000 से अधिक मरीजों को भी इस योजना के तहत मुफ्त इलाज मिल चुका है।
