अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में अपराध और गैंगस्टर संस्कृति को जड़ से खत्म किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गैंगस्टरों और उनके पूरे नेटवर्क को चाहे वे कहीं भी छिपे हों, ढूंढकर कानून के दायरे में लाया जाएगा। उनका कहना था कि जनता अब डर और गुंडागर्दी की राजनीति नहीं चाहती, बल्कि सुरक्षित और ईमानदार शासन चाहती है।
चुनावी जीत को बताया जनता का भरोसा
केजरीवाल ने कहा कि गांव-गांव में आम आदमी पार्टी की जीत यह साबित करती है कि पंजाब के लोगों ने काम की राजनीति को चुना है। उन्होंने बताया कि जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में पार्टी को 70 प्रतिशत से ज्यादा सीटों पर जीत मिली है। यह जीत जबरदस्ती या दबाव से नहीं, बल्कि जनता के भरोसे से मिली है।
पारदर्शी चुनाव का उदाहरण
उन्होंने पुराने दौर की राजनीति को याद करते हुए कहा कि पहले पंचायत और स्थानीय चुनावों में जबरदस्ती, बूथ कैप्चरिंग और दबाव आम बात थी। लेकिन इस बार चार साल की सरकार के बाद भी चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष हुए। कई सीटों पर हार-जीत का अंतर सिर्फ एक या कुछ वोटों का रहा, जो पारदर्शिता का बड़ा सबूत है।
मिशन 45 प्रतिशत वोट का लक्ष्य
अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को “मिशन 45 प्रतिशत वोट” का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि अगला लक्ष्य पार्टी के वोट प्रतिशत को और बढ़ाना है। इसके लिए जरूरी है कि नेता अहंकार छोड़कर जनता के बीच जाएं, उनके सुख-दुख में शामिल हों और सेवा भाव से काम करें।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
केजरीवाल ने पंजाब सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मुफ्त बिजली, समय पर वेतन, ईमानदार भर्ती और बेहतर सड़कें लोगों को राहत दे रही हैं। उन्होंने बताया कि हजारों युवाओं को बिना रिश्वत के सरकारी नौकरियां मिली हैं और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
