कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए रूस से बड़ी खुशखबरी आई है। रूसी वैज्ञानिकों ने कोलन कैंसर (बड़ी आंत का कैंसर) के इलाज के लिए एक नई वैक्सीन तैयार की है। यह वैक्सीन अभी तक प्री-क्लिनिकल ट्रायल्स से गुज़री है और रिपोर्ट्स के मुताबिक़ पूरी तरह सफल साबित हुई है।
रूस की फेडरल मेडिकल एंड बायोलॉजिकल एजेंसी (FMBA) की प्रमुख वेरेोनिका स्क्वोर्त्सोवा ने हाल ही में आयोजित ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में इस खोज की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन अब उपयोग के लिए लगभग तैयार है और बस आधिकारिक मंज़ूरी का इंतज़ार कर रही है। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक़ रहा, तो इसका पहला मानव परीक्षण अक्टूबर 2025 से शुरू हो सकता है।
वैक्सीन की कीमत और योजना
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस वैक्सीन की एक खुराक की कीमत करीब 3 लाख रूबल (लगभग 2.5 लाख रुपये) हो सकती है। हालांकि, रूसी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने नागरिकों को यह वैक्सीन मुफ्त उपलब्ध कराने की योजना बनाई है।
क्यों खास है यह वैक्सीन?
अब तक कैंसर के इलाज में सर्जरी, रेडिएशन और कीमोथेरेपी जैसे तरीक़े इस्तेमाल किए जाते रहे हैं, लेकिन इनके साइड इफेक्ट्स भी काफ़ी होते हैं। इस नई वैक्सीन से उम्मीद है कि मरीजों को एक सुरक्षित और असरदार विकल्प मिलेगा। वैज्ञानिकों का मानना है कि वैक्सीन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यून सिस्टम) को मज़बूत बनाकर कैंसर सेल्स से लड़ने में मदद करेगी।
मरीजों के लिए उम्मीद की किरण
कोलन कैंसर दुनियाभर में तेजी से फैल रही बीमारियों में से एक है। हर साल लाखों लोग इसकी चपेट में आते हैं। ऐसे में रूस की यह खोज न सिर्फ अपने देश के लिए बल्कि पूरी दुनिया के मरीजों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है।
यदि मानव परीक्षण सफल रहते हैं, तो आने वाले समय में यह वैक्सीन कैंसर उपचार की दिशा बदल सकती है। फिलहाल दुनिया भर की नज़रें इस पर टिकी हुई हैं।
