बिग बॉस 19 का आखिरी वीकेंड का वार काफी ड्रामा, भावनाओं और बड़े फैसलों से भरा रहा। इस बार शो की कंटेस्टेंट अशनूर कौर के लिए सप्ताहांत बेहद मुश्किल साबित हुआ। तान्या मित्तल के साथ हिंसक व्यवहार करने के कारण बिग बॉस ने तुरंत एक्शन लेते हुए अशनूर को शो से बाहर कर दिया। सलमान खान ने भी उन पर सख्त नाराज़गी जताई, जिसके बाद उनका सफर अचानक खत्म हो गया। इसके साथ ही अशनूर का ट्रॉफी जीतने का सपना भी अधूरा रह गया।
शो में माधुरी दीक्षित की धमाकेदार एंट्री
हालांकि दर्शकों के लिए रविवार का एपिसोड एक बड़ा सरप्राइज लेकर आने वाला है, क्योंकि घर में होंगी सभी की फेवरेट माधुरी दीक्षित। प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि माधुरी एक स्पेशल गेस्ट के रूप में शो में शामिल होंगी। सलमान और माधुरी का रीयूनियन देखकर फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
माधुरी ने घरवालों के लिए एक मजेदार टास्क भी लाया है। उन्होंने कहा—“मैं यहां दोस्ती की डिटेक्टिव बनने आई हूं।” इसके बाद सलमान ने कंटेस्टेंट्स को जोड़ियों में बुलाया और प्रत्येक सदस्य के लिए दो-बयान दिए गए। उनके दोस्तों को अंदाज़ लगाना था कि कौन-सा बयान सच है। इस टास्क के बाद घरवालों के रिश्तों और आपसी भरोसे की कई परतें खुलकर सामने आईं। प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
आशीष चंचलानी भी बने शो का हिस्सा
इस एपिसोड में एक और स्पेशल गेस्ट ने एंट्री ली—मशहूर यूट्यूबर आशीष चंचलानी। उन्होंने सलमान खान के साथ जमकर मस्ती की और बताया कि वे उनके कितने बड़े फैन हैं। आशीष की मौजूदगी ने एपिसोड में एक अलग ही मजेदार माहौल बना दिया।
क्या शहबाज बदेशा भी हुए बाहर?
अशनूर के बाहर जाने के बाद बिग बॉस के घर से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। चर्चाएं तेज हैं कि शहबाज बदेशा को भी फिनाले से पहले घर छोड़ना पड़ा। बताया जा रहा है कि उन्हें सबसे कम वोट मिले, जिसके चलते उन्हें बेघर कर दिया गया। इस तरह शहबाज का भी ट्रॉफी जीतने का सपना अंतिम हफ्ते में टूट गया।
फिनाले से पहले माहौल गरम
एक के बाद एक एलिमिनेशन और स्पेशल गेस्ट की एंट्री ने बिग बॉस 19 के माहौल को और रोमांचक बना दिया है। अब देखना होगा कि फिनाले वीक में कौन-कौन से नए ट्विस्ट सामने आते हैं और आखिर में किसके हाथ ट्रॉफी लगती है।
