पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में एक ट्वीट कर जानकारी दी कि लुधियाना पश्चिम से नवनिर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा उनसे चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर अपने परिवार सहित मिलने पहुंचे। इस मौके पर सीएम मान ने उन्हें जीत की बधाई दी और उनके उज्जवल राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
सीएम भगवंत मान ने ट्वीट में लिखा, “मुझे पूरा विश्वास है कि संजीव अरोड़ा जी अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, दृढ़ता और निष्पक्षता से निभाएंगे। वह पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने में अहम योगदान देंगे।”
संजीव अरोड़ा की यह जीत आम आदमी पार्टी के लिए अहम मानी जा रही है, और अब खबरें आ रही हैं कि उन्हें जल्द ही पंजाब सरकार के मंत्रीमंडल में शामिल किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में संजीव अरोड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। पार्टी और सरकार में उनकी सक्रियता और लोकप्रियता को देखते हुए, उन्हें कोई अहम विभाग भी दिया जा सकता है।
कौन हैं संजीव अरोड़ा?
संजीव अरोड़ा एक सफल उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी जाने जाते हैं। लुधियाना में उनकी पहचान एक समाजसेवी के रूप में भी मजबूत रही है। वह शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा जैसे क्षेत्रों में लंबे समय से काम कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने उन्हें पहली बार विधानसभा चुनाव में मौका दिया और उन्होंने भारी मतों से जीत दर्ज की।
अगर संजीव अरोड़ा को मंत्री पद दिया जाता है, तो इससे पार्टी को लुधियाना और आसपास के इलाकों में मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाने में भी मदद मिलेगी।
अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि संजीव अरोड़ा को कौन-सा मंत्रालय सौंपा जाएगा। जल्द ही पंजाब में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई जा रही है, जिसमें उनका नाम प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है।
