पंजाब में हाल ही में संपन्न हुई पंचायत चुनावों के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने सरपंचों के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया था। मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि सरपंचों को मिलने वाला मासिक मान भत्ता 1200 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये किया जाएगा। अब सरकार ने इस फैसले को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं और जल्द ही नया मान भत्ता जारी किया जाएगा।
विभाग ने जारी किया पत्र
पंजाब के ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग ने 18 अगस्त को एक पत्र जारी किया है। यह पत्र राज्य के सभी जिला परिषदों के उप-मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और पंचायत समितियों के कार्यकारी अधिकारियों को भेजा गया है। पत्र में लिखा गया है कि मुख्यमंत्री ने 24 अप्रैल 2025 को हुई बैठक में इस मान भत्ते को बढ़ाने की घोषणा की थी। इसी सिलसिले में केस तैयार कर ई-ऑफिस के माध्यम से वित्त विभाग को भेजा गया था।
आय पर मांगी गई रिपोर्ट
वित्त विभाग की ओर से इस मामले में कुछ बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। विशेष रूप से यह जांचने को कहा गया है कि जिन ग्राम पंचायतों की अपनी आय नहीं है, उन्हें मान भत्ता किस तरह दिया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों से जानकारी मांगी गई है।
पंचायत समितियों को भेजा गया परफार्मा
सरकार ने इसके लिए एक परफार्मा भी जारी किया है। इसमें ब्लॉक समितियों को यह जानकारी देनी होगी कि उनके ब्लॉक में कितनी ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जिनकी अपनी कोई आय नहीं है। साथ ही, यह भी बताना होगा कि उनकी पंचायत समिति के पास खुद की आय कितनी है और वे अपने संसाधनों से कितनी ग्राम पंचायतों को मान भत्ता दे सकती हैं। इसी तरह की रिपोर्ट जिला परिषदों से भी मांगी गई है।
जल्द मिलेगा नया मान भत्ता
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही सभी ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों से रिपोर्ट आ जाएगी, सरकार नए सरपंचों को 2000 रुपये मासिक मान भत्ता जारी करना शुरू कर देगी। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में यह भत्ता सीधे सरपंचों के खातों में पहुंच जाएगा।
सरपंचों में खुशी का माहौल
सरपंचों को लंबे समय से मान भत्ते में बढ़ोतरी की उम्मीद थी। अब सरकार की इस पहल से उनमें उत्साह है। ग्रामीण स्तर पर चुने गए प्रतिनिधियों को मान सम्मान देने और उनके काम को प्रोत्साहन देने के लिए इसे एक अहम कदम माना जा रहा है।
