पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बुधवार को पूरे राज्य के पुलिस कमिश्नरों और एसएसपी के साथ एक अहम ऑनलाइन बैठक की। इस बैठक में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। यह मीटिंग ऐसे समय में हुई है जब श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी का बड़ा आयोजन नजदीक आ रहा है और दूसरी तरफ दिल्ली में हाल ही में हुए बम धमाके ने सुरक्षा चिंता बढ़ा दी है। इसी घटना के बाद पंजाब में रेड अलर्ट पहले ही जारी कर दिया गया है।
नगर कीर्तन के लिए कड़े इंतज़ाम
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी नगर कीर्तन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी तरह मजबूत की जाएं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भीड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जाए।
बॉर्डर स्टेट होने के कारण सतर्कता जरूरी
डीजीपी गौरव यादव ने यह भी कहा कि पंजाब एक बॉर्डर स्टेट है, इसलिए सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बेहद आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि सीमा पार से अशांति फैलाने की कोशिशें की जा सकती हैं, ऐसे में हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
दिल्ली धमाके के बाद बढ़ी सख्ती
दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद पुलिस पहले ही पूरी तरह अलर्ट पर है। डीजीपी ने सभी जिलों में सुरक्षा बढ़ाने, चेकिंग पॉइंट मजबूत करने और रात के समय अतिरिक्त पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या गलत गतिविधि को तुरंत कंट्रोल किया जाए और जनता में विश्वास बनाए रखा जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आने वाले दिनों में पुलिस सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा की समीक्षा करेगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की जाएगी।
