चंडीगढ़/नई दिल्ली, 11 नवंबर:
पंजाब के लिए गर्व की बात है कि सिख धर्म की पवित्र नगरी और खालसा की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब को ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत पंजाब का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बुधवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किया।
इस अवसर पर हरजोत सिंह बैंस ने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी को नमन करते हुए कहा कि यह सम्मान गुरु साहिब के 350वें शहीदी दिवस के दौरान की गई सेवा और स्वच्छता के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विधायक और स्थानीय निकाय मंत्री के रूप में वह श्री आनंदपुर साहिब के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
4,751 से अधिक शहरी निकायों ने लिया हिस्सा
बैंस ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के दसवें संस्करण में देशभर के 4,751 से अधिक शहरी स्थानीय निकायों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 63 निकायों को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान श्री आनंदपुर साहिब को पंजाब के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला।
सफाई कर्मचारियों और शहरवासियों को दिया श्रेय
हरजोत सिंह बैंस ने इस उपलब्धि का श्रेय श्री आनंदपुर साहिब के निवासियों, सफाई कर्मचारियों, नगर परिषद अधिकारियों, पार्षदों और वालंटियरों को दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी के सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता एक जन आंदोलन का रूप ले सकी है।
उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण नगरी है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखना प्राथमिकता रही है। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए भी लगातार अभियान चलाए गए।
स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने का संकल्प
पुरस्कार समारोह में स्वच्छ भारत मिशन की राज्य मिशन निदेशक एवं पीएमआईडीसी की सीईओ दीप्ति उप्पल तथा श्री आनंदपुर साहिब नगर परिषद के प्रधान हरजीत सिंह जीता भी मौजूद रहे।
बैंस ने कहा कि यह सम्मान नगर परिषद की पूरी टीम और दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण तथा पवित्र नगरी की सुंदरता और गरिमा बनाए रखने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं, ताकि श्री आनंदपुर साहिब का यह गौरवपूर्ण स्थान भविष्य में भी बरकरार रहे।
