बुधवार, 23 जुलाई को सोने और चांदी की कीमतों में तेज़ी दर्ज की गई। खासकर चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और यह लगातार दूसरे दिन अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। घरेलू वायदा बाजार (MCX) में खबर लिखने तक सोना ₹1,00,390 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1,16,216 प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही थी।
यह पहली बार है जब चांदी की कीमत ₹1.16 लाख के पार गई है। वहीं, सोना भी ₹1 लाख के पार टिके रहने में सफल रहा है। निवेशकों के बीच सोने और चांदी की मांग लगातार बनी हुई है, जिससे कीमतों को सहारा मिल रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिला-जुला रुख
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में शुरुआती कारोबार के दौरान हल्की नरमी देखी गई, जबकि चांदी की कीमत में मजबूती रही। न्यूयॉर्क के कॉमैक्स (COMEX) एक्सचेंज पर सोना $3,444.30 प्रति औंस पर खुला, जबकि इसकी पिछली बंद कीमत $3,443.70 प्रति औंस थी। खबर लिखे जाने तक सोना $3,437.90 प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो कि लगभग $5.80 की गिरावट है।
हालांकि, इसी साल सोने ने $3,509.90 प्रति औंस का रिकॉर्ड उच्च स्तर भी छू लिया था।
दूसरी तरफ चांदी की कीमत में बढ़त देखने को मिली। चांदी कॉमैक्स पर $39.64 प्रति औंस पर खुली थी और खबर लिखने तक यह $0.08 की तेजी के साथ $39.63 प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। पिछली बंद कीमत $39.55 प्रति औंस थी।
कीमतों में तेजी के कारण
विशेषज्ञों का मानना है कि महंगाई, डॉलर में उतार-चढ़ाव, ब्याज दरों में बदलाव की अटकलें और भू-राजनीतिक तनाव जैसे कारकों के कारण सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसके अलावा, त्योहारी सीज़न और निवेश की सुरक्षित पसंद के चलते भी लोग सोने-चांदी की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
बाजार में तेजी निवेशकों के लिए लाई संकेत
जिन लोगों ने पहले से सोने या चांदी में निवेश कर रखा है, उनके लिए यह फायदे का सौदा साबित हो रहा है। वहीं जो निवेश की सोच रहे हैं, उन्हें मौजूदा उच्च स्तर पर सावधानी से कदम रखने की सलाह दी जा रही है।
आने वाले दिनों में भी बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, इसलिए किसी भी निवेश से पहले विशेषज्ञ की राय लेना बेहतर रहेगा।
