पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, डीजीपी गौरव यादव और फिरोजपुर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल के निर्देशों पर जिला फिरोजपुर में नशे के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इसी क्रम में थाना घलखुर्द पुलिस ने एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर मिली सफलता
फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर पाकिस्तान से लाई गई बड़ी मात्रा में हेरोइन की खेप एक ग्राहक को देने वाला है। सूचना के आधार पर थाना घलखुर्द पुलिस ने तत्काल छापेमारी की योजना बनाई।
स्विफ्ट कार से हुई बरामदगी
गुप्त सूचना के अनुसार, आरोपी रमेश कुमार निवासी गांव मोहमक खांवाला, जो फिरोजपुर शहर के गोल्डन एन्क्लेव में भी रहता है, सफेद रंग की हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में बैठा हुआ था और ग्राहक का इंतज़ार कर रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रमेश को गिरफ्तार किया और कार की तलाशी के दौरान 15 किलो 7 ग्राम हेरोइन बरामद की।
पाकिस्तान से लाई गई थी हेरोइन
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई थी। एसएसपी सिद्धू ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक ट्रेस किए जा रहे हैं। यह भी जांच की जा रही है कि यह खेप किस तस्कर से मंगवाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना घलखुर्द में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेगी ताकि आगे की पूछताछ की जा सके। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
