पंजाब सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात का ऐलान किया है। समाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्यभर की सभी महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना बिना किसी भेदभाव के लागू की जाएगी और आगामी विधानसभा सत्र के बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा।
हरियाणा की ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ पर कसा तंज
डॉ. बलजीत कौर ने हरियाणा सरकार की ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के साथ “बड़ा धोखा” साबित हुई है। उनके अनुसार, हरियाणा की कुल 1.40 करोड़ महिला आबादी में से सिर्फ 5 लाख महिलाओं, यानी सिर्फ 3.73 प्रतिशत को ही योजना की पहली किस्त मिली है।
उन्होंने कहा कि 96 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को योजना से बाहर रखना सीधा अन्याय है और यह नीति महिला सशक्तिकरण की भावना के बिल्कुल खिलाफ है।
सख्त शर्तों ने महिलाओं को किया बाहर
पंजाब की मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने इस योजना में ऐसी कठोर शर्तें लगाई हैं कि अधिकांश महिलाएं अपने आप ही इसके दायरे से बाहर हो गईं।
इन शर्तों में शामिल हैं:
-
महिला की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
-
उम्र 23 साल से ज्यादा होनी चाहिए।
-
अगर महिला का पति किसी अन्य राज्य का निवासी है, तो वह योजना से वंचित रहेगी।
-
अगर घर में कोई पहले से पेंशन ले रहा है, तो भी पात्रता खत्म हो जाती है।
इन शर्तों के चलते गरीब परिवारों की महिलाएं, नई विवाहिताएं, विधवाएं और कॉलेज जाने वाली लड़कियां पूरी तरह योजना से बाहर हो गईं।
पंजाब की योजना होगी सबके लिए समान
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार की योजना में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होगा। राज्य की हर महिला — चाहे वह किसी भी वर्ग, धर्म या क्षेत्र से हो, सभी को समान रूप से 1000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा, “यह कदम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल होगी।”
महिलाओं के लिए नई उम्मीद
डॉ. कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है। यह योजना न केवल आर्थिक सहायता देगी बल्कि समाज में महिलाओं की स्थिति को और मजबूत करेगी।
“पंजाब सरकार का लक्ष्य है कि राज्य की हर महिला खुद पर गर्व महसूस करे और आत्मनिर्भर बने।” – डॉ. बलजीत कौर
