पंजाब को स्टार्टअप और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने मोहाली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी (INST) में आयोजित ‘पंजाब इन्वेस्टर सर्कल – एडिशन 1’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों, स्टार्टअप संस्थापकों और युवा उद्यमियों के साथ निवेश और नवाचार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
‘न्यूरॉन 2.0’ की हुई शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान ‘न्यूरॉन 2.0’ को भी लॉन्च किया गया। यह पंजाब सरकार और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) की साझेदारी से तैयार किया गया साइबर सिक्योरिटी आधारित स्टार्टअप कार्यक्रम है। इससे पहले ‘न्यूरॉन 1.0’ को अच्छी सफलता मिली थी और अब इसका नया संस्करण तकनीक आधारित स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निवेश और रोजगार बढ़ाने पर सरकार का फोकस
अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पंजाब सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने, व्यापार को आसान बनाने और निवेश आकर्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य राज्य में नए उद्योग स्थापित कर युवाओं के लिए अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है।
2,500 से अधिक स्टार्टअप दे रहे नई पहचान
मंत्री ने बताया कि आज पंजाब में 2,500 से अधिक DPIIT-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। ये स्टार्टअप नवाचार, तकनीक और उद्यमिता के जरिए राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि निवेश, फंडिंग, मेंटरशिप और आधुनिक तकनीक की मदद से पंजाब को देश के अग्रणी स्टार्टअप हब के रूप में विकसित किया जाए।
