पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के हालिया जापान दौरे के नतीजे अब साफ दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने बताया कि यह यात्रा सिर्फ औपचारिकता नहीं थी, बल्कि इससे आने वाले समय में राज्य में बड़े निवेश, नए अवसर और मजबूत वैश्विक साझेदारियां बनने का रास्ता खुल गया है।
हरजोत बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री मान की रणनीतिक और दूरदर्शी सोच पंजाब की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसरों से जोड़ेगी और राज्य के विकास को नई गति देगी।
Toppan Speciality Films ने 400 करोड़ का निवेश किया तय
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जापान की प्रमुख कंपनी Toppan Speciality Films Pvt. Ltd. (TSF) ने पंजाब सरकार के साथ एक बड़ा निवेश समझौता किया है। इस कंपनी ने राज्य में 400 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि यह MoU, वर्ष 2026 में होने वाले 6वें प्रोग्रेसिव पंजाब इंवेस्टर्स समिट से पहले पंजाब को वैश्विक निवेश मानचित्र पर शीर्ष स्थान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
स्किलिंग एक्सीलेंस सेंटर से बढ़ेगी युवाओं की रोजगार क्षमता
हरजोत बैंस के अनुसार, टोप्पन कंपनी के साथ यह साझेदारी न केवल निवेश लाएगी, बल्कि पंजाब में एक स्किलिंग एक्सीलेंस सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र आधुनिक और उद्योग-आधारित कौशल विकसित करेगा, जिससे युवाओं को ज्यादा रोजगार मिलेंगे और उद्योगों को प्रशिक्षित व दक्ष मानव संसाधन प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल पंजाब को उत्तरी भारत की स्किल कैपिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
शासन सुधारों की दुनिया में हो रही सराहना
हरजोत बैंस ने बताया कि पंजाब का प्रतिनिधिमंडल जापान में राज्य के तेज़ और पारदर्शी शासन मॉडल को प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि फास्ट-ट्रैक सिंगल विंडो सिस्टम, ऑटो-डीम्ड अप्रूवल, और राइट टू बिज़नेस एक्ट जैसे सुधारों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।
नई औद्योगिक नीति 2022 और उद्योगपतियों की अगुवाई वाली 24 सेक्टर-आधारित समितियों की वजह से अब तक 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश पंजाब में आ चुका है।
निवेशकों के लिए खुला निमंत्रण
अंत में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार दुनिया भर के निवेशकों और कारोबारी साझेदारों को आगामी प्रोग्रेसिव पंजाब इंवेस्टर्स समिट में शामिल होने का निमंत्रण देती है।
