सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती बढ़त के बाद मुनाफावसूली हावी रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 375 अंकों की गिरावट के साथ 82,259 पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 100 अंक टूटकर 25,111 पर आ गया।
सेंसेक्स के 30 में से केवल 8 शेयरों में तेजी रही, जबकि 22 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। टेक्नोलॉजी और IT सेक्टर में दबाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। Tech Mahindra, Infosys (INFY), HCL Technologies, Zomato (Eternal) और TCS जैसे दिग्गज शेयर लाल निशान में बंद हुए।
मेटल और रियल्टी सेक्टर ने संभाली बाज़ार की चाल
हालांकि, टाटा स्टील, Trent, टाटा मोटर्स और M&M जैसे शेयरों में मजबूती देखी गई। सेक्टोरल स्तर पर बात करें तो NIFTY REALTY में 1.2% की बढ़त और NIFTY METAL में 0.7% की तेजी रही। वहीं दूसरी ओर, NIFTY IT और PSU बैंक इंडेक्स में सबसे अधिक गिरावट रही।
बैंक निफ्टी में भी भारी गिरावट देखने को मिली। यह इंडेक्स 340 अंक टूटकर 56,828 पर बंद हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव दिखा। Nifty Midcap100 इंडेक्स 153 अंकों की गिरावट के साथ 59,467 पर और Smallcap100 इंडेक्स 35 अंकों की गिरावट के साथ 19,104 पर बंद हुआ।
ग्लोबल मार्केट्स का असर भी साफ
वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत मिले। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225, चीन का शंघाई SSE कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स लाभ के साथ बंद हुए। हालांकि, दक्षिण कोरिया का KOSPI नुकसान में रहा।
बुधवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे, जिसका शुरुआती असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा। लेकिन घरेलू कारणों और मुनाफावसूली के चलते बाजार आखिर में कमजोरी के साथ बंद हुआ।
FII की बिकवाली भी बनी दबाव की वजह
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार से 1,858.15 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। यह आंकड़ा बाजार में बिकवाली के दबाव को दर्शाता है।
क्रूड ऑयल में भी हल्की तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.58% बढ़कर 68.92 डॉलर प्रति बैरल हो गई है, जिससे तेल कंपनियों और मेटल सेक्टर को थोड़ी राहत मिली।बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कंपनियों के तिमाही नतीजे, वैश्विक संकेत और विदेशी निवेशकों की गतिविधियाँ बाजार की दिशा तय करेंगी। निवेशकों को सतर्कता के साथ कदम उठाने की सलाह दी जा रही है।
