पंजाब में पिछले तीन दिनों से जारी रोडवेज़ कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। सरकार और कर्मचारी यूनियनों के बीच बातचीत सफल रही, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का ऐलान कर दिया। अब एक बार फिर सरकारी बसों की आवाजाही सामान्य हो जाएगी और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
तीन दिन की परेशानी खत्म, फिर चलेगी सरकारी बसें
पीआरटीसी और पनबस कर्मचारियों की लगातार तीसरे दिन चली हड़ताल के कारण पूरे राज्य में बस सेवा ठप हो गई थी। इससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कर्मचारियों को बातचीत के लिए आगे आने का न्योता दिया था।
7 घंटे चली लंबी बैठक, बनी सहमति
आज ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच 7 घंटे लंबी बैठक हुई। चर्चा सकारात्मक रही और दोनों पक्षों ने कई मुद्दों पर सहमति बनाई। इसके बाद यूनियनों ने तुरंत हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी।
गिरफ्तार कर्मचारियों को रिहा करने पर सहमति
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने हड़ताल के दौरान गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों को रिहा करने पर हामी भर दी है। वहीं किलोमीटर स्कीम सहित अन्य लंबित मुद्दों पर जल्द ही दोबारा बैठक कर समाधान खोजने का आश्वासन दिया गया है।
यात्रियों को मिली राहत
हड़ताल खत्म होने के साथ ही अब सरकारी बसें फिर से अपने रूटों पर चलना शुरू करेंगी। इससे रोज़ाना सफर करने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
पंजाब सरकार का कहना है कि वह कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है और बातचीत के ज़रिए समस्याओं का समाधान निकालना ही सबसे बेहतर रास्ता है।
