हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी का असर अब ट्राई-सिटी चंडीगढ़, मोहाली और पंचकुला में भी दिखने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार रात और सोमवार सुबह हुई बारिश से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है।
7 अक्टूबर को चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी है।
सुबह-सुबह ठंडी हवाओं के बीच लोग सुखना झील पर सैर करते और मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।
9 डिग्री तक गिरा तापमान
सोमवार को हुई बारिश के बाद मौसम ने करवट ली है।
सुबह का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 9 डिग्री कम है।
इस अचानक बदले मौसम के चलते लोग गर्म कपड़े निकालने लगे हैं।
सड़कों और पार्कों में अब लोग जैकेट और स्वेटर पहनकर निकलते दिख रहे हैं।
दिवाली पर और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि इस साल दिवाली का मौसम पिछले सालों के मुकाबले ज्यादा ठंडा रहने की संभावना है।
अगर हिमाचल प्रदेश में इसी तरह बर्फबारी जारी रही, तो आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है।
पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं ने पहले ही पूरे क्षेत्र को सर्दी की चपेट में लेना शुरू कर दिया है।
तीन दिन तक बारिश का अलर्ट, फिर साफ होगा मौसम
मौसम विभाग ने पहले ही तीन दिन की बारिश की चेतावनी जारी की थी।
हालांकि, ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
लेकिन हवा में ठंडक बनी रहेगी और रातें ठंडी महसूस होंगी।
40 मिलीमीटर तक हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में करीब 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज (7 अक्टूबर) अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पहले जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा रहा था, वहीं अब यह 10 डिग्री नीचे गिर चुका है।
सुखना झील पर उमड़ी भीड़
ठंडे और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए सुखना झील पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है।
लोग बारिश और ठंडी हवाओं के बीच गर्म चाय और पकौड़ों का मज़ा लेते नजर आए।
पर्यटन विभाग के मुताबिक, इस मौसम में झील पर आने वालों की संख्या में 20% से ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
