दीवाली से पहले पंजाब के हड़ पीड़ितों के घरों में खुशियों की लौ फिर जल उठी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने मात्र 30 दिनों में मुआवज़ा और राहत राशि वितरित कर एक नया कीर्तिमान बनाया है। यह पहला अवसर है जब किसी राज्य सरकार ने इतनी तेजी से प्राकृतिक आपदा पीड़ितों को राहत दी है।
अमन अरोड़ा ने पीड़ित परिवारों को सौंपे स्वीकृति पत्र
पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज अपने निवास पर विधानसभा क्षेत्र सुनाम के नौ हड़ प्रभावित परिवारों को मुआवज़े के स्वीकृति पत्र सौंपे। मंत्री अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने अपना वादा निभाते हुए 209 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है, जिसमें से संगरूर जिले के प्रभावितों को 3.50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
“मिशन पुनर्वास” से शुरू हुई उम्मीद की नई कहानी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में अजनाला में 631 किसानों को 5.70 करोड़ रुपये के चेक वितरित कर “मिशन पुनर्वास” की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत, फसलों को हुए नुकसान पर प्रति एकड़ 20,000 रुपये और क्षतिग्रस्त घरों के लिए 40,000 रुपये की सहायता दी जा रही है — जबकि पहले यह राशि केवल 4,000 रुपये थी।
लोगों के सहयोग से सरकार ने हड़ का किया मजबूती से सामना
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने लोगों के सहयोग से हड़ की स्थिति से पूरी ताकत और तत्परता के साथ निपटा। समय पर किए गए बचाव कार्यों की वजह से बड़े नुकसान को टाला जा सका। उन्होंने कहा कि सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है और किसी को भी उसके हक़ से वंचित नहीं होने देगी।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ मुआवज़ा वितरण
इस अवसर पर एसडीएम प्रमोद सिंगला, तहसीलदार राजविंदर कौर, पटवारी पल्लवी, हरदीप, गुरजिंदर, वरिंदर कानंगो, जगसीर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
जनसेवा की नई मिसाल
अमन अरोड़ा ने कहा कि यह राहत केवल आर्थिक मदद नहीं बल्कि सरकार की संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ है। हमारा उद्देश्य सिर्फ मुआवज़ा देना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को फिर से आत्मनिर्भर बनाना है।”
