लग्जरी कार निर्माता जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने अपने प्रमुख बाजारों में से एक उत्तरी अमेरिका में लगभग 2,50,857 एसयूवी को रिकॉल करने का फैसला लिया है। कंपनी के अनुसार, कुछ वाहनों में ड्राइवर एयरबैग कनेक्टर से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई है, जिससे दुर्घटना के समय एयरबैग सही तरीके से काम नहीं कर सकता। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कंपनी ने यह रिकॉल अभियान शुरू किया है।
इन मॉडल्स पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
रिकॉल में शामिल वाहनों में 2022 से 2026 तक बने Range Rover, 2021 से 2026 के बीच निर्मित Discovery और 2020 से 2026 तक बने Defender मॉडल शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, लगभग 69,685 Range Rover, 83,620 Discovery और 97,552 Defender एसयूवी इस रिकॉल अभियान के दायरे में आई हैं। ये सभी वाहन अलग-अलग उत्पादन अवधि के दौरान बनाए गए थे।
क्या है तकनीकी खराबी?
अमेरिकी राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (NHTSA) की सुरक्षा रिपोर्ट के अनुसार, समस्या ड्राइवर एयरबैग से जुड़े कनेक्टर में पाई गई है। समय के साथ कनेक्टर में होने वाली फ्रेटिंग करप्शन (Fretting Corrosion) के कारण एयरबैग सर्किट का रेजिस्टेंस बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में दुर्घटना के समय एयरबैग खुलने में दिक्कत आ सकती है, जिससे सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।
पहले ही मिल जाएगा चेतावनी संकेत
जगुआर लैंड रोवर का कहना है कि यदि किसी वाहन में यह समस्या विकसित होती है, तो एयरबैग के पूरी तरह प्रभावित होने से लगभग 300 से 400 मील पहले डैशबोर्ड पर एयरबैग वॉर्निंग लाइट जलने लगेगी। इससे वाहन मालिक समय रहते अधिकृत सर्विस सेंटर पहुंचकर आवश्यक जांच और मरम्मत करवा सकेंगे।
आंतरिक जांच के बाद लिया गया फैसला
कंपनी के अनुसार, इस मामले की आंतरिक जांच 29 अगस्त 2025 से शुरू हुई थी। जांच के दौरान एयरबैग वॉर्निंग लैंप से जुड़े वारंटी दावों में बढ़ोतरी देखी गई। लौटाए गए कुछ क्लॉकस्प्रिंग कनेक्टर पिन पर ऑक्साइड की परत भी पाई गई, जिसके बाद विस्तृत तकनीकी जांच की गई। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका में अब तक एयरबैग के न खुलने से जुड़ी किसी दुर्घटना या ग्राहक शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावित जोखिम को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह रिकॉल अभियान चलाया जा रहा है।
