अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में टेक्नोलॉजी और बिज़नेस की दुनिया के सबसे बड़े नामों के साथ डिनर आयोजित किया। इस हाई-प्रोफाइल बैठक का मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), निवेश और अमेरिका के भविष्य की दिशा पर चर्चा करना था। ट्रंप ने मेहमानों को “High IQ people” कहकर संबोधित किया और कहा कि एआई “हमारे देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”
कौन-कौन पहुंचे व्हाइट हाउस?
डिनर में शामिल हुए दिग्गजों की लिस्ट बेहद खास रही। इसमें Meta के फाउंडर मार्क जकरबर्ग, Apple के सीईओ टिम कुक, Google के सुंदर पिचाई और सर्गेई ब्रिन, Microsoft के सत्या नडेला और बिल गेट्स, OpenAI के सैम ऑल्टमैन, Oracle की सफ्रा कैट्ज़, AMD की लिसा सु, Micron टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा, Blue Origin के डेविड लिम्प, Scale.ai के एलेक्ज़ेंडर वांग और Palantir के श्याम शंकर शामिल रहे।
अरबों डॉलर के निवेश का वादा
इस डिनर में ट्रंप ने सीधे सवाल किया कि कंपनियां अमेरिका में कितना निवेश कर रही हैं। जवाब में—
-
मार्क जकरबर्ग (Meta): 600 बिलियन डॉलर
-
टिम कुक (Apple): 600 बिलियन डॉलर
-
सुंदर पिचाई (Google): 250 बिलियन डॉलर
-
सत्या नडेला (Microsoft): 80 बिलियन डॉलर प्रति वर्ष
इन आंकड़ों पर ट्रंप बेहद खुश दिखे और कहा – “Very Good.”
एलन मस्क की गैरमौजूदगी
सबसे ज्यादा चर्चा एलन मस्क की गैरहाजिरी को लेकर रही। कभी ट्रंप के करीबी माने जाने वाले मस्क हाल ही में प्रशासन से टकरा गए थे। इसी विवाद की वजह से उन्हें गेस्ट लिस्ट से बाहर रखा गया। उनकी जगह एआई इंडस्ट्री के बड़े नाम सैम ऑल्टमैन मौजूद रहे।
टेक लीडर्स की राय
डिनर के दौरान टेक दिग्गजों ने भी एआई के भविष्य पर अपनी बातें रखीं—
-
सुंदर पिचाई: “एआई सबसे बड़ा बदलाव है, हमें मिलकर काम करना होगा।”
-
लिसा सु: “सेमीकंडक्टर एआई का दिमाग हैं, प्रशासन का सपोर्ट अहम है।”
-
सत्या नडेला: “ट्रस्ट और स्किलिंग एआई की कुंजी है।”
-
टिम कुक: “एडवांस मैन्युफैक्चरिंग पर बड़ा निवेश किया जा रहा है।”
-
सैम ऑल्टमैन: “ट्रंप प्रॉ-बिज़नेस और प्रॉ-इनोवेशन राष्ट्रपति हैं।”
-
सफ्रा कैट्ज़: “एआई सबकुछ बदल देगा और अमेरिका आगे रहेगा।”
राजनीति और विवाद की छाया
जहां ट्रंप टेक दिग्गजों के साथ रिश्ते मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं रिपब्लिकन पार्टी के कुछ नेता इससे खुश नहीं हैं। सीनेटर जोश हाउली ने टेक कंपनियों पर सवाल उठाते हुए एआई पर कड़े नियमों की मांग की। ट्रंप खुद सोशल मीडिया पर एआई जनरेटेड मीम्स और वीडियोज़ शेयर करते रहते हैं, लेकिन मज़ाक में ये भी कहते हैं कि अगर कुछ गलत हुआ तो “दोष एआई पर डाल देंगे।”
भारतीय मूल के नेताओं की मौजूदगी
डिनर में कई भारतीय मूल के चेहरे भी चमके। सुंदर पिचाई, सत्या नडेला, संजय मेहरोत्रा, विवेक रणदीवे, श्याम शंकर और आईबीएम के अरविंद कृष्णा व्हाइट हाउस की इस गेस्ट लिस्ट का हिस्सा रहे।
