हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां के एक मेडिकल कॉलेज से दो AK-47 राइफल और करीब 350 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया है। यह बड़ी कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की है।
जानकारी के अनुसार, यह बरामदगी उस दूसरे डॉक्टर की निशानदेही पर की गई है, जिसे जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि इस मामले की शुरुआत अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज से हुई थी, जहां डॉ. अदील नामक डॉक्टर के लॉकर से एक AK-47 राइफल मिली थी। अदील की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और दूसरे डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी डॉक्टर ने फरीदाबाद में छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक के बारे में जानकारी दी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय प्रशासन की मदद से छापा मारकर दो AK-47 राइफल और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। बरामद हथियारों और विस्फोटक के स्रोत के बारे में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक किसी बड़े साजिश की ओर इशारा कर सकता है।
