गुरु साहिब और चार साहिबजादों से जुड़े एक कथित कार्टून को लेकर पंजाब की राजनीति और सिख समुदाय में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम बताया है।
धालीवाल ने कहा कि जिस समय सिख समुदाय शहीदी दिवस मना रहा है और पूरे समाज में भावनात्मक माहौल है, उसी समय BJP के सोशल मीडिया पेज पर श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और चार साहिबजादों से जुड़ा कार्टून साझा किया गया। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक और निंदनीय बताया। धालीवाल के मुताबिक, यह हरकत BJP की सोच और मानसिकता को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब और साहिबजादे सिखों के लिए सिर्फ ऐतिहासिक चरित्र नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा के प्रतीक हैं। ऐसे में उनके कार्टून बनाना या उन्हें किसी राजनीतिक संदर्भ में पेश करना सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने जैसा है। धालीवाल ने आरोप लगाया कि यह सब जानबूझकर किया गया, ताकि सिखों की भावनाओं को आहत किया जा सके।
AAP विधायक ने इस मामले को “गंभीर अपराध” बताते हुए कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और BJP के शीर्ष नेतृत्व को सिख समुदाय और पंजाबियों से तुरंत माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग की कि संबंधित कार्टून को बिना देरी किए सोशल मीडिया से हटाया जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी गलती दोहराने की हिम्मत न करे।
धालीवाल ने इस मुद्दे पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और सिख जत्थेदारों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर सिखों की आध्यात्मिक पवित्रता से जुड़ा है, ऐसे में जत्थेदार को खुलकर और सख्त बयान देना चाहिए था। उन्होंने SGPC से भी मांग की कि वह इस मामले का कड़ा संज्ञान ले और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्पष्ट रुख अपनाए।
अपने बयान के अंत में धालीवाल ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से खेलने की किसी को इजाजत नहीं दी जा सकती। इस घटना से सिख समुदाय और पंजाबियों की भावनाएं आहत हुई हैं और दोषियों को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो यह मामला और गंभीर रूप ले सकता है।
