अमेरिका ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में आईएसआईएस से जुड़े आतंकवादी ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया है। इस कार्रवाई को लेकर Nigeria सरकार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए स्पष्ट किया कि आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद से निपटने के लिए वह United States समेत अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ लगातार सुरक्षा और खुफिया सहयोग कर रही है। सरकार के अनुसार, इसी सहयोग के तहत नॉर्थ वेस्ट नाइजीरिया में आतंकवादी ठिकानों को सटीक तरीके से निशाना बनाया गया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह सहयोग अंतरराष्ट्रीय नियमों और द्विपक्षीय समझौतों के दायरे में हो रहा है। इसमें खुफिया जानकारी का आदान-प्रदान, रणनीतिक समन्वय और आवश्यक तकनीकी सहयोग शामिल है। मंत्रालय ने कहा कि सभी गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय कानूनों, नाइजीरिया की संप्रभुता के सम्मान और क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धताओं के अनुरूप संचालित की जा रही हैं।
नाइजीरिया सरकार ने दोहराया कि आतंकवाद-रोधी सभी प्रयासों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता की रक्षा और सभी नागरिकों के अधिकार व गरिमा का संरक्षण है। सरकार ने स्पष्ट किया कि किसी भी समुदाय के खिलाफ आतंकवादी हिंसा—चाहे वह आस्था या जातीयता के नाम पर हो—नाइजीरिया के मूल्यों और अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए अस्वीकार्य है।
आतंकवादी नेटवर्क को कमजोर करने की रणनीति
फेडरल सरकार अपने साझेदारों के साथ मिलकर आतंकवादी नेटवर्क को कमजोर करने, उनके वित्त पोषण और लॉजिस्टिक सपोर्ट को बाधित करने तथा सीमा-पार से उत्पन्न खतरों को रोकने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके साथ-साथ, देश अपनी सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया क्षमताओं को मजबूत कर रहा है ताकि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि सुरक्षा और खुफिया सहयोग आगे भी जारी रहेगा और जनता को आधिकारिक चैनलों के माध्यम से नियमित जानकारी दी जाती रहेगी। सरकार ने अफवाहों से बचने और केवल प्रमाणिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
गौरतलब है कि नाइजीरिया लंबे समय से आतंकवादी हिंसा की चुनौती का सामना कर रहा है। देश के उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ISIS से जुड़े गुटों के अलावा Boko Haram जैसे संगठनों की गतिविधियां समय-समय पर सामने आती रही हैं। इन परिस्थितियों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के जरिए की जा रही कार्रवाइयों को सरकार क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मान रही है।
