जालंधर जिले की 5 नगर परिषदों और 2 नगर पंचायतों में सोमवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। जिले के कुल 99 वार्डों में 341 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं।
आदमपुर में दिखा सबसे ज्यादा उत्साह
नगर परिषद आदमपुर में मतदाताओं के बीच खासा उत्साह देखा गया। वार्ड नंबर 4 और 6 में सुबह से ही वोट डालने के लिए लोगों की लंबी लाइनें लगी रहीं। आदमपुर नगर परिषद के 13 वार्डों में कुल 44 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं करतारपुर के 15 वार्डों में 50, नकोदर के 17 वार्डों में 55 और नूरमहल के 13 वार्डों में 41 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
दोपहर 12 बजे तक मतदान प्रतिशत
जालंधर जिले में दोपहर 12 बजे तक कई इलाकों में अच्छा मतदान दर्ज किया गया। नकोदर में सबसे ज्यादा 47.39 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसके अलावा करतारपुर में 32.71 प्रतिशत, नूरमहल में 35.58 प्रतिशत, फिल्लौर में 31.51 प्रतिशत और आदमपुर में 31.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगर पंचायत महितपुर में 36.17 प्रतिशत और लोहियां खास में 36.86 प्रतिशत वोटिंग हुई।
कुल 108067 मतदाता करेंगे मतदान
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी Virjeet Walia ने बताया कि इन चुनावों में कुल 1,08,067 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 54,943 पुरुष, 53,116 महिलाएं और 8 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिले में कुल 133 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
फिल्लौर में 57 उम्मीदवार मैदान में
उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद फिल्लौर में 15 वार्डों के लिए कुल 63 नामांकन दाखिल हुए थे। इनमें से 5 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया, जबकि एक उम्मीदवार ने एक ही वार्ड से दो नामांकन दाखिल किए थे। इसके बाद अब फिल्लौर में कुल 57 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं महितपुर और लोहियां खास नगर पंचायतों के 13-13 वार्डों में 47-47 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एसएसपी जालंधर ग्रामीण Harvinder Singh Virk ने बताया कि चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए करीब 1200 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें।
