पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अभियान के 378वें दिन पंजाब पुलिस ने विभिन्न जिलों में छापेमारी करते हुए कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
नशीले पदार्थ और नकदी बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 92 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 526 ग्राम हेरोइन, 515 नशीली गोलियां और कैप्सूल तथा नशे के धंधे से कमाए गए 9,540 रुपये बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए की जा रही है।
नशामुक्ति के लिए लोगों को किया प्रेरित
इस अभियान के तहत पुलिस केवल तस्करों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। इसी दौरान 35 व्यक्तियों को नशा-मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में इलाज करवाने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा मुक्त पंजाब की दिशा में कदम
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता के माध्यम से समाज को नशे की समस्या से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
