पंजाब में नशे के खिलाफ चल रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के 536वें दिन पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
हेरोइन और अफीम समेत नशीला सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 9.7 किलो हेरोइन, 500 ग्राम अफीम और 325 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा पुलिस ने नशे की अवैध बिक्री से जुड़ी ₹13.01 लाख की ड्रग मनी भी जब्त की है।
नशे के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई
पंजाब पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की ओर से नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का फोकस केवल नशा बेचने वालों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशीले पदार्थों की सप्लाई और उससे जुड़े नेटवर्क की कड़ियां तलाशने पर भी है।
19 लोगों को नशामुक्ति के लिए किया प्रेरित
इस अभियान के दौरान पुलिस ने नशे की समस्या से जूझ रहे 19 लोगों की काउंसलिंग भी की। उन्हें नशा छोड़कर डि-एडिक्शन और पुनर्वास उपचार लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तारी के साथ नशा छोड़ने और पुनर्वास की दिशा में भी कदम उठाने पर जोर दिया जा रहा है।
