चंडीगढ़ के लोगों को आने वाले दो दिनों तक पानी की दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। शहर में पाइपलाइन बदलने और जरूरी तकनीकी कार्य के कारण 7 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। नगर निगम ने पहले ही नागरिकों को सतर्क करते हुए पानी का उचित भंडारण करने की सलाह दी है।
पानी क्यों किया जा रहा है बंद
नगर निगम की ओर से जानकारी दी गई है कि 1000 मिलीमीटर व्यास वाली पुरानी PSC पाइपलाइन को हटाकर नई MS पाइपलाइन लगाई जा रही है। यह कार्य सेक्टर 39 वाटर वर्क्स से लेकर सेक्टर 52 और सेक्टर 32 तक साफ और निर्बाध पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। इसी कारण कुछ समय के लिए पानी की पंपिंग को रोका जाएगा।
किन इलाकों में ज्यादा असर
इस कार्य के दौरान सेक्टर 52 में पानी की पंपिंग पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि सेक्टर 32 में आंशिक रूप से पानी की सप्लाई दी जाएगी। इसके चलते शहर के कई सेक्टरों में पानी या तो बिल्कुल नहीं आएगा या कम दबाव में मिलेगा। नगर निगम ने इसे जरूरी रखरखाव बताते हुए सहयोग की अपील की है।
7 जनवरी को पानी की स्थिति
7 जनवरी 2026, बुधवार को सुबह के समय पानी की सप्लाई सामान्य रहेगी। लेकिन शाम होते ही सेक्टर 44, 45, 48 से 56, 61 और 63 में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।
इसके अलावा सेक्टर 20 सी और डी, 21 सी और डी, 31 से 34, 44 से 47, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 और 2 तथा राम दरबार में सुबह 6 बजे से 8 बजे तक पानी कम दबाव पर मिलेगा।
8 जनवरी को कब मिलेगा पानी
8 जनवरी 2026, गुरुवार को सेक्टर 44, 45, 48 से 56, 61 और 63 में सुबह 5 बजे से 9 बजे तक पानी की सप्लाई सामान्य रहेगी। शहर के बाकी इलाकों में सुबह 3:30 बजे से 9 बजे तक पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
शाम के समय कुछ सेक्टरों में 6 बजे से 8:30 बजे तक और अन्य हिस्सों में 5 बजे से 9 बजे तक सामान्य पानी की सप्लाई दी जाएगी।
नगर निगम की अपील
नगर निगम ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे पहले से पानी जमा कर लें और इस अस्थायी असुविधा में सहयोग करें। यह कार्य भविष्य में बेहतर और नियमित पानी की सप्लाई के लिए किया जा रहा है।
