नए साल 2026 की शुरुआत आसमान में एक बेहद खूबसूरत नज़ारे के साथ होने जा रही है। 3 जनवरी की रात को वुल्फ सुपरमून दिखाई देगा, जो पूरे आकाश को अपनी चमक से रोशन कर देगा। यह साल का पहला पूर्ण चंद्रमा होगा और सामान्य पूर्णिमा से थोड़ा बड़ा और ज्यादा चमकीला नजर आएगा। खगोल प्रेमियों के लिए यह रात खास होने वाली है।
क्या होता है सुपरमून
दरअसल चंद्रमा की कक्षा पूरी तरह गोल नहीं बल्कि अंडाकार होती है। इसी वजह से कभी वह धरती के पास आता है और कभी दूर चला जाता है। जब पूर्णिमा के समय चंद्रमा धरती के सबसे नजदीकी बिंदु, जिसे पेरिजी कहा जाता है, के आसपास होता है तो उसे सुपरमून कहते हैं। इस दौरान चंद्रमा आकार में बड़ा और रोशनी में ज्यादा तेज दिखाई देता है। 3 जनवरी को चंद्रमा धरती से लगभग 3 लाख 62 हजार किलोमीटर की दूरी पर होगा।
कितना बड़ा और चमकीला दिखेगा चांद
इस वुल्फ सुपरमून के दौरान चंद्रमा सामान्य पूर्णिमा की तुलना में करीब 6 से 14 प्रतिशत बड़ा और 13 से 30 प्रतिशत ज्यादा चमकीला नजर आ सकता है। हालांकि यह फर्क आंखों से बहुत साफ न दिखे, लेकिन इसकी रोशनी जरूर अलग महसूस होगी। खुले आसमान में यह चांद बेहद आकर्षक लगेगा।
वुल्फ मून नाम क्यों पड़ा
जनवरी महीने की पूर्णिमा को पारंपरिक रूप से वुल्फ मून कहा जाता है। यह नाम उत्तरी गोलार्ध की पुरानी लोककथाओं से जुड़ा है। माना जाता है कि सर्दियों की लंबी और ठंडी रातों में भेड़ियों के हुआं-हुआं करने की आवाजें ज्यादा सुनाई देती थीं, इसलिए इस पूर्णिमा को वुल्फ मून कहा जाने लगा। आज यह नाम एक सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।
भारत में कब दिखेगा नज़ारा
भारत में यह वुल्फ सुपरमून 3 जनवरी की शाम को सूर्यास्त के तुरंत बाद दिखाई देगा। अनुमान है कि शाम करीब 5:45 से 6:00 बजे के बीच चंद्रमा पूर्व दिशा में उगता हुआ नजर आएगा। क्षितिज के पास होने के कारण चांद हल्का पीला या नारंगी रंग का भी दिख सकता है, जो इसकी सुंदरता और बढ़ा देगा। यह चांद पूरी रात आकाश में रहेगा।
जूपिटर भी बढ़ाएगा खूबसूरती
इस खास रात को चंद्रमा के पास चमकता हुआ जूपिटर ग्रह भी देखा जा सकेगा। चांद और जूपिटर की यह जोड़ी आसमान में एक शानदार दृश्य पेश करेगी, जिसे देखना यादगार अनुभव होगा।
देखने के लिए किसी उपकरण की जरूरत नहीं
इस खगोलीय घटना को देखने के लिए किसी खास उपकरण की जरूरत नहीं है। इसे नंगी आंखों से आसानी से देखा जा सकता है। अगर आपके पास कैमरा, दूरबीन या टेलीस्कोप है तो आप इसकी खूबसूरत तस्वीरें भी ले सकते हैं। साफ मौसम में यह नज़ारा और भी अद्भुत लगेगा।
