पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 215वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्य के अलग-अलग इलाकों में चिन्हित ठिकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 584 जगहों पर छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 341 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा चार ऐसे आरोपियों को भी पकड़ा गया जो लंबे समय से घोषित अपराधी यानी प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि छापेमारी उन स्थानों पर की गई, जिन्हें गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों के आधार पर पहले से चिन्हित और मैप किया गया था।
इस ताजा कार्रवाई के बाद ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 63,758 हो गई है। पुलिस के मुताबिक अभियान का उद्देश्य संगठित आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करना और गैंगस्टरों से जुड़े लोगों पर कार्रवाई करना है।
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी संदिग्ध गैंगस्टर गतिविधियों की जानकारी साझा करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर जानकारी दे सकते हैं।पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ने के लिए चिन्हित ठिकानों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
