त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले आम लोगों के बजट पर एक और दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। प्याज और चीनी के बाद अब ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई है। गुजरात और महाराष्ट्र के बाजारों में काजू, बादाम और पिस्ता समेत कई सूखे मेवों के दाम बढ़े हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ बाजारों में कीमतों में 20 से 80 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
15 दिन में 300 रुपये तक महंगा हुआ माल
पुणे के बाजार में पिछले करीब 15 दिनों के दौरान कई ड्राई फ्रूट्स की कीमत 100 से 300 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गई। कारोबारियों के अनुसार, सावन के बाद आने वाले त्योहारों के कारण मांग बढ़ी है। वहीं कुछ प्रमुख उत्पादक देशों में उत्पादन कम होने से बाजार में माल की आवक भी प्रभावित हुई है।
बादाम, काजू और पिस्ता के नए भाव
पुणे के बाजार में बादाम पहले करीब 750 से 1,000 रुपये किलो मिल रहा था, जो अब 850 से 1,200 रुपये तक पहुंच गया है। पिस्ता की कीमत करीब 2,400-2,800 रुपये से बढ़कर 2,700-3,000 रुपये किलो हो गई। इसी तरह काजू के दाम करीब 800-1,300 रुपये से बढ़कर 900-1,400 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं।
ट्रांसपोर्ट महंगा होने का भी असर
ड्राई फ्रूट्स की कीमत बढ़ने की एक बड़ी वजह परिवहन लागत में इजाफा भी बताई जा रही है। व्यापारियों के अनुसार, कुछ अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट में रुकावटों के कारण माल को लंबे रास्तों से लाना पड़ रहा है। इससे कंटेनर भाड़ा काफी बढ़ गया है और उसका असर सीधे बाजार कीमतों पर पड़ रहा है।
त्योहारों में मिठाई भी हो सकती है महंगी
ड्राई फ्रूट्स के साथ चीनी, घी और तेल की लागत बढ़ने से मिठाई और नमकीन कारोबार पर भी असर पड़ सकता है। गुजरात के स्वीटमेकर्स एसोसिएशन के अनुसार, इस त्योहारी सीजन में मिठाई और नमकीन की कीमतों में करीब 5 से 10 फीसदी तक बढ़ोतरी की संभावना है।
