। आम आदमी पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता दीपक बाली ने कांग्रेस नेता धर्मवीर गांधी के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक आयोजनों को लेकर की गई टिप्पणी से पंजाब के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
‘धार्मिक मान्यताओं का सम्मान जरूरी’
दीपक बाली ने कहा कि पंजाब की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके मुताबिक, धार्मिक कार्यक्रमों को केवल दिखावा बताना उन लोगों की आस्था को ठेस पहुंचा सकता है, जो इन आयोजनों से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक समारोहों के जरिए नई पीढ़ी को अपनी विरासत और जीवन मूल्यों को समझने का अवसर भी मिलता है।
कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
AAP नेता ने कांग्रेस के दूसरे नेताओं की कथित चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान किसी सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हो सकते हैं। दीपक बाली ने कहा कि किसी व्यक्ति के बयान को पंजाब के करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से बड़ा नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि मान सरकार लोगों की भावनाओं और आस्था को ध्यान में रखते हुए धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखेगी।
