बठिंडा में नई बनी सड़क को लेकर चल रहे विवाद के बीच पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ETO खुद मौके पर पहुंचे और सड़क निर्माण की जांच की। मंत्री ने सड़क की गुणवत्ता और इस्तेमाल किए गए निर्माण सामग्री से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया।
हरभजन ETO ने कहा कि मौके पर जांच के दौरान सड़क में इस्तेमाल किया गया मटेरियल सही पाया गया। उन्होंने बताया कि गुणवत्ता को लेकर किसी तरह की शंका न रहे, इसलिए सड़क से मटेरियल के सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें आगे लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा।
मंत्री ने सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका आरोप है कि वीडियो के जरिए सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई। ETO ने कहा कि सड़क की वास्तविक गुणवत्ता का फैसला सोशल मीडिया वीडियो से नहीं, बल्कि तकनीकी जांच और लैब रिपोर्ट से होना चाहिए।
हरभजन ETO ने बताया कि उन्होंने बिक्रम सिंह मजीठिया और हरसिमरत कौर बादल को सुबह 11 बजे मौके पर पहुंचने का समय दिया था, लेकिन दोनों नेता वहां नहीं पहुंचे।
मंत्री ने कहा कि सरकार विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर है।
