पंजाब में बिजली के गलत बिलों को लेकर मान सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि PSPCL के करीब 78 लाख उपभोक्ताओं में से लगभग 63 हजार लोगों को तीन महीने का बिल जारी हो गया था। अब इन उपभोक्ताओं को तीन दिनों के भीतर सही बिल भेजा जाएगा।
मई-जून की सब्सिडी भी मिलेगी
मंत्री ने स्पष्ट किया कि पात्र उपभोक्ताओं को मई और जून महीने की बिजली सब्सिडी का लाभ भी दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि हर योग्य परिवार को 300 यूनिट प्रति माह वाली मुफ्त बिजली योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।
ज्यादा बिल की जांच के लिए विशेष नंबर
जिन उपभोक्ताओं को ज्यादा बिजली बिल मिला है, उनकी शिकायतों के समाधान के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। इस नंबर पर आने वाली शिकायतों को संभालने के लिए 20 सदस्यों की टीम तैनात की जाएगी। ज्यादा बने बिलों की जांच 15 कार्यदिवसों के भीतर करने की बात कही गई है।
मीटर रीडरों की हड़ताल से हुई गड़बड़ी
मंत्री के अनुसार, मीटर रीडरों की हड़ताल के कारण कई जगह वास्तविक रीडिंग नहीं हो सकी और पुराने बिलों के आधार पर औसत बिल तैयार हुए। इसी वजह से कुछ उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ नहीं मिलने की शिकायत सामने आई।
सॉफ्टवेयर में भी किए गए बदलाव
भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए बिजली बिलिंग सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव किए गए हैं। सरकार का फोकस बिलिंग प्रक्रिया को बेहतर बनाने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान करने पर है।
