पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित अपने निवास पर भारत में ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर Ms. Alba Smeriglio से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच पंजाब और ब्रिटेन के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर विस्तृत बातचीत हुई।
शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में साझेदारी पर चर्चा
बैठक में शिक्षा, तकनीक और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में एक-दूसरे के अनुभवों को साझा करने और संयुक्त परियोजनाएं शुरू करने पर सहमति जताई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब युवाओं को आधुनिक शिक्षा और वैश्विक अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार कदम उठा रहा है। ब्रिटेन से सहयोग मिलने पर ये प्रयास और मजबूत होंगे।

निवेश और व्यापार बढ़ाने पर ज़ोर
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पंजाब लगातार निवेशकों के लिए एक पसंदीदा राज्य बन रहा है। उन्होंने ब्रिटिश प्रतिनिधि को बताया कि राज्य में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल, पारदर्शी नीतियां और तेज़ मंजूरी प्रक्रिया उपलब्ध करवाई जा रही है। इसी दिशा में पंजाब और UK के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने पर गहन चर्चा हुई, जिससे राज्य के युवाओं के लिए अधिक रोजगार अवसर पैदा हो सकें।

इन्वेस्टर्स समिट 2026 में आने का निमंत्रण
मुख्यमंत्री ने Ms. Alba Smeriglio को Progressive Punjab Investors’ Summit 2026 में शामिल होने का विशेष निमंत्रण भी दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समिट पंजाब में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश का मार्ग खोलेगी।
