पंजाब में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से किए जा रहे कामों की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपक बाली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने कहा कि सरकार सनातन संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए कई स्तरों पर पहल कर रही है।
‘हमारे राम’ नाटक के शो
दीपक बाली के मुताबिक, पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में ‘हमारे राम’ नाटक के शो आयोजित किए जा रहे हैं। इसके जरिए भगवान राम से जुड़े प्रसंगों और भारतीय संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
‘एक शाम भगवान शिव के नाम’
पार्टी नेता ने बताया कि ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम के जरिए भी बड़ी संख्या में लोगों ने धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया। सरकार की ओर से ऐसे आयोजनों को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव मजबूत करने की पहल के तौर पर पेश किया जा रहा है।
हिंदू नववर्ष और परशुराम जयंती के आयोजन
दीपक बाली ने कहा कि पंजाब में हिंदू नववर्ष का राज्य स्तर पर आयोजन भी किया गया। इसके अलावा पहली बार श्री परशुराम जयंती पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।
पटियाला काली माता मंदिर के लिए ₹85 करोड़
उन्होंने बताया कि पटियाला के ऐतिहासिक श्री काली माता मंदिर के नवीनीकरण के लिए ₹85 करोड़ के टेंडर लगाए गए हैं। उनके अनुसार, करीब 70 वर्षों में पहली बार मंदिर के बड़े स्तर पर नवीनीकरण की दिशा में यह कदम उठाया गया है।
माता जानकी और लव-कुश मंदिर की योजना
भगवान श्री वाल्मीकि जी के तीर्थ स्थल के पास माता जानकी और लव-कुश का भव्य मंदिर बनाने की योजना की भी जानकारी दी गई। पार्टी के अनुसार, इन पहलों के जरिए पंजाब की धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
