जापान में रविवार तड़के तेज भूकंप के झटकों से लोगों में अफरातफरी मच गई। राजधानी टोक्यो समेत पूर्वी जापान के कई इलाकों में धरती हिली। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक भूकंप की शुरुआती तीव्रता 5.9 मापी गई। झटके इतने तेज थे कि कई लोगों की नींद खुल गई और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलने लगे।
इबाराकी के पास था भूकंप का केंद्र
JMA के अनुसार भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में था और यह जमीन से करीब 70 किलोमीटर की गहराई में आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी तीव्रता 5.8 बताई। भूकंप का असर टोक्यो क्षेत्र तक महसूस किया गया। शुरुआती जानकारी में किसी बड़े ढांचागत नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
चार प्रांतों में लोग हुए घायल
भूकंप के कारण कम से कम 23 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सैतामा और कानागावा में 9-9, चिबा में 4 और इबाराकी में एक व्यक्ति के घायल होने की बात अधिकारियों ने बताई। अधिकतर लोगों को उस समय चोट लगी जब वे अचानक नींद से उठे और घबराहट में गिर गए या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए।
टोक्यो में भी महसूस हुए जोरदार झटके
भूकंप के दौरान टोक्यो में मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट भी जारी हुए। क्षेत्र में कुछ ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और कुछ मार्गों पर देरी की जानकारी मिली। हालांकि बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। टोक्यो के कोटो इलाके में एक भूमिगत पानी की पाइप भी टूट गई थी, जिसे बाद में ठीक कर दिया गया।
सुनामी का कोई खतरा नहीं
भूकंप के बाद अधिकारियों ने साफ किया कि फिलहाल सुनामी का खतरा नहीं है। जापान की परमाणु नियामक संस्था के अनुसार परमाणु संयंत्रों से किसी असामान्य स्थिति की सूचना नहीं मिली। JMA ने क्षेत्र के लोगों को आने वाले दिनों में संभावित आफ्टरशॉक्स को लेकर सतर्क रहने को कहा है।
