पंजाब में युवाओं को खेलों से जोड़ने और गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने एक और पहल की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पटियाला के देधना गांव से 500 से ज्यादा नए ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन किया। इन मैदानों के साथ जिम और दूसरी खेल सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
गांव की पसंद के हिसाब से मिलेगी खेल किट
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जिस गांव में जिस खेल का ज्यादा चलन है, वहां उसी खेल से जुड़ी किट उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए जरूरी सामान आसानी से मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को जल्द ही 500 और नए खेल मैदान मिलने वाले हैं। इसके अलावा करीब 6 हजार गांवों में जिम तैयार किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में फिटनेस सुविधाओं का दायरा बढ़ेगा।
नशे के खिलाफ खेलों को बताया प्रभावी हथियार
CM मान ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान का जिक्र करते हुए खेलों को युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बताया। सरकार का फोकस युवाओं को खेल, फिटनेस और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर है।
पटियाला को विकास कार्यों की कई सौगातें
देधना कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पटियाला क्षेत्र के लिए अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने पातड़ां की अनाज मंडी को दोबारा विकसित करने और शुतराणा विधानसभा क्षेत्र में करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से दो नए अस्पताल बनाने की बात कही। वहीं, पंजाब को पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिलने का भी जिक्र किया गया।
महिलाओं को 28 अगस्त को मिलेगी सम्मान राशि
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए भी जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, इस महीने पंजीकरण कराने वाली करीब 7 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन सम्मान राशि भेजी जाएगी।
