पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई लगातार जारी रखी हुई है। अभियान के 490वें दिन पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर ड्रग नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए 58 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि राज्य में नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
हेरोइन, अफीम और नशीली गोलियां बरामद
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 3.5 किलोग्राम हेरोइन, 2.3 किलोग्राम अफीम और 627 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके साथ ही ड्रग तस्करी से कमाए गए 36,900 रुपये भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नशा छोड़ने के लिए भी किया प्रेरित
कार्रवाई के साथ-साथ पंजाब पुलिस नशे के आदी लोगों को मुख्यधारा में लाने का भी प्रयास कर रही है। अभियान के दौरान 11 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए समझाया और प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ पुनर्वास पर भी बराबर ध्यान दिया जा रहा है।
