पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के 509वें दिन भी नशा तस्करों के खिलाफ राज्यभर में विशेष अभियान चलाया। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 94 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
भारी मात्रा में नशा और ड्रग मनी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 7.6 किलोग्राम हेरोइन, 1 किलोग्राम अफीम, 538 नशीली गोलियां और 10.31 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नशा छोड़ने के लिए भी किया प्रेरित
अभियान के दौरान केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि नशे के आदी लोगों को मुख्यधारा में लाने की दिशा में भी प्रयास किए गए। पुलिस ने 6 लोगों की काउंसलिंग कर उन्हें नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सख्ती के साथ पुनर्वास भी उतना ही जरूरी है।
अभियान रहेगा जारी
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें नशा तस्करी या इससे जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो वे पुलिस को गोपनीय रूप से सूचना देकर इस अभियान में सहयोग करें।
