बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार (10 सितंबर 2025) को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बड़ी सौगात दी। उन्होंने एक करोड़ 13 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए 1263.95 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। प्रत्येक लाभुक को अगस्त माह की किस्त के रूप में 1100 रुपये मिले। यह कार्यक्रम एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ परिसर में आयोजित किया गया।
नए लाभार्थियों को भी मिली स्वीकृति
राज्य सरकार की इस योजना से लगातार नए लोग जुड़ रहे हैं। बीते एक महीने में ही एक लाख 23 हजार नए पेंशनधारियों को स्वीकृति दी गई है। जून से अगस्त के बीच कुल पेंशन पाने वालों की संख्या में 2.22 लाख की बढ़ोतरी हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रह जाए।
छह प्रकार की पेंशन योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि आज जिन योजनाओं की राशि ट्रांसफर की गई, उनमें छह प्रमुख सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं शामिल हैं। इनमें—
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना
-
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना
-
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना
-
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना
-
बिहार निःशक्तता पेंशन योजना
पेंशन राशि में हुई बढ़ोतरी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि जून माह से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत दी जाने वाली राशि में बड़ी वृद्धि की गई है। पहले लाभार्थियों को 400 रुपये प्रतिमाह मिलते थे, लेकिन अब यह बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को सम्मानपूर्वक जीवन जीने में यह राशि सहायक साबित हो रही है।
‘सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम कर रही सरकार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शुरू से ही समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को ध्यान में रखकर कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी योग्य लाभुक को योजना से बाहर न रखा जाए। उन्होंने कहा,
“आज जब लाभार्थियों के खाते में समय पर पेंशन की राशि पहुंच रही है, तो यह मेरे लिए संतोष और खुशी की बात है। हम चाहते हैं कि हर जरूरतमंद तक यह मदद नियमित रूप से पहुंचे।”
समय पर राशि पहुंचने से मिल रही सहूलियत
नीतीश कुमार ने कहा कि समय पर पेंशन मिलने से लाभुकों को काफी सहूलियत होती है। अब उन्हें हर महीने तय तारीख पर पेंशन की राशि सीधे बैंक खाते में मिल रही है, जिससे पारदर्शिता बनी हुई है और किसी तरह की परेशानियां भी नहीं आतीं।
समाज के कमजोर वर्गों को मिलेगी मजबूती
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना बिहार में वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांग नागरिकों के लिए जीवनरेखा साबित हो रही है। सरकार का दावा है कि इस योजना से गरीब तबके को आर्थिक सुरक्षा मिल रही है और उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास और कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
