जीएसटी दरों में बदलाव के बाद ग्राहकों को तो सस्ते दामों का फायदा मिलने लगा, लेकिन कंपनियों के सामने एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई थी। बाजार में मौजूद पुराने स्टॉक पर नई दरें लागू करना आसान नहीं था। अब केंद्र सरकार ने इस समस्या का समाधान निकाल लिया है। सरकार ने कंपनियों को अनुमति दी है कि वे अपने पुराने पैक्ड सामान पर नई कीमत लिख सकती हैं।
नई कीमत छापने का तरीका
कंपनियां चाहे तो नई दरें स्टिकर, स्टैंप या ऑनलाइन प्रिंट करके पैकिंग पर लगा सकती हैं। हालांकि सरकार ने साफ कर दिया है कि नई कीमत छापते समय पुरानी कीमत भी साफ-साफ दिखाई देनी चाहिए। यानी पुरानी कीमत को ढककर नई दर लिखना अनुमति योग्य नहीं होगा। यह नियम केवल उन्हीं प्रोडक्ट्स पर लागू होगा जिनकी बिक्री जीएसटी दरों में बदलाव से प्रभावित हुई है।
पारदर्शिता के लिए विज्ञापन ज़रूरी
नई दर लगाते ही कंपनियों को इसकी जानकारी जनता तक पहुंचानी होगी। इसके लिए उन्हें कम से कम दो अखबारों में विज्ञापन देना अनिवार्य होगा। साथ ही, केंद्र सरकार, राज्य सरकार और खुदरा विक्रेताओं से जुड़े विभागों को भी इसकी सूचना देनी पड़ेगी। यह कदम पारदर्शिता बनाए रखने और ग्राहकों के बीच भ्रम की स्थिति को रोकने के लिए उठाया गया है।
तारीख बढ़ाकर मिली राहत
पहले कंपनियों को 22 सितंबर 2025 तक पुराने स्टॉक पर नई दरें लागू करने की अनुमति थी। लेकिन समय की कमी देखते हुए सरकार ने अब अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 दिसंबर 2025 कर दी है। यह फैसला खासतौर पर उन कंपनियों के लिए राहत लेकर आया है जिन्होंने त्योहारों की मांग को देखते हुए पहले से ही बड़ा स्टॉक तैयार कर रखा था।
कंपनियों और ग्राहकों दोनों को फायदा
सरकार के इस कदम से बाजार में दोहरा फायदा होगा। एक तरफ ग्राहकों को जीएसਟੀ घटने का सीधा लाभ मिलेगा और वे सामान कम कीमत पर खरीद सकेंगे। दूसरी ओर कंपनियां अपने पुराने स्टॉक को बिना नुकसान उठाए बाजार में बेच पाएंगी। इससे त्योहारों के सीजन में बाजार की रौनक बनी रहेगी और बिक्री पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
त्योहारों के सीजन में बाज़ार में रौनक
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला आने वाले दिनों में व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए सकारात्मक माहौल बनाएगा। कंपनियां नए पैकेजिंग खर्च से बचते हुए सीधे पुराने पैकेट्स पर नई दरें दर्ज कर सकेंगी, वहीं ग्राहकों को किफायती दामों पर सामान मिलेगा। त्योहारों का समय नजदीक होने के कारण यह कदम बाजार में जीवंतता लाने में अहम साबित होगा।
