अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ी इंटेलिजेंस-आधारित कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
इस ऑपरेशन में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें शमशेर सिंह उर्फ सीमा, अमनदीप सिंह उर्फ बॉबी, बलविंदर सिंह उर्फ काका, गुरदेव सिंह, करणप्रीत सिंह, हरमन सिंह और एक नाबालिग शामिल है।
सभी आरोपी अमृतसर जिले के निवासी हैं।
पकड़े गए हथियार और बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 आधुनिक विदेशी पिस्तौलें बरामद की हैं — जिनमें 9 Glock 9MM पिस्तौलें और 6 पिस्तौलें .30 बोर की हैं।
यह हथियार पाकिस्तान से सीमा पार तस्करी के जरिए लाए गए थे, जिन्हें पंजाब के विभिन्न जिलों में अवैध रूप से सप्लाई किया जाना था।
सोशल मीडिया के ज़रिए संपर्क में थे आरोपी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर के संपर्क में था, जो सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें निर्देश देता था।
गिरफ्तार आरोपी राज्य में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में सक्रिय थे और पिछले कुछ समय से गुपचुप तरीके से यह नेटवर्क चला रहे थे।
पुलिस की जांच जारी
अमृतसर के थाना कैंटोनमेंट में इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकिंग की जांच कर रही है ताकि इसे पूरी तरह खत्म किया जा सके।
पंजाब पुलिस का सख्त संदेश
पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह राज्य में अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
पुलिस ने दोहराया कि सीमा पार से आने वाले किसी भी अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा, ताकि पंजाब में शांति और सुरक्षा कायम रखी जा सके।
