आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि तरनतारन उपचुनाव के दौरान अकाली दल ने वोटरों को डराने-धमकाने के लिए गैंगस्टरों का सहारा लिया। अमन अरोड़ा ने बताया कि विदेश में बैठे एक गैंगस्टर ने ग्रामीणों को धमकी भरी वीडियो कॉलें तक की थीं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवानी चाहिए ताकि सच सामने आ सके।
“कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित, किसी को छोड़ेंगे नहीं”
एक सवाल पर अरोड़ा ने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था को हर कीमत पर बनाए रखा जाएगा। सुखबीर बादल के इस आरोप पर कि तरनतारन में अकाली कार्यकर्ताओं पर झूठे केस दर्ज किए जा रहे हैं, अरोड़ा ने कहा कि पुलिस सिर्फ उन्हीं लोगों पर कार्रवाई कर रही है जिनके संबंध गैंगस्टरों से जुड़े हुए पाए गए हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तरनतारन उपचुनाव के बाद अकाली दल को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि न तो उन्होंने चुनाव जीता है और न ही जनता ने उन्हें समर्थन दिया है। गैंगस्टरों की मदद से वोटें मांगना किसी भी लोकतांत्रिक पार्टी के लिए शर्म की बात है।
“पंजाब में गैंगस्टर तो अकालियों और कांग्रेस की देन हैं”
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरों का नेटवर्क अकाली दल और कांग्रेस की पिछली सरकारों की वजह से बढ़ा। भगवंत मान सरकार इसे खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है और इसी वजह से विरोधी पार्टियां परेशान हैं। उन्होंने याद दिलाया कि अकाली शासन के दौरान गैंगस्टरों द्वारा कई निर्दोष लोगों की हत्या की गई थी, जिसे आज भी जनता भूल नहीं पाई है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
तरनतारन उपचुनाव में कांग्रेस के चौथे स्थान पर रहने पर टिप्पणी करते हुए अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस का जनाधार तेजी से खत्म हो रहा है। जब पार्टी अपनी ज़मानत तक नहीं बचा पाई, तो भविष्य में उसके प्रदर्शन पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
गैंगस्टर समर्थित चुनाव लड़ने का आरोप
अरोड़ा ने कहा कि सुखबीर बादल ने न सिर्फ एक कुख्यात गैंगस्टर के रिश्तेदार को टिकट दिया, बल्कि पूरी चुनाव अभियान में गैंगस्टरों का समर्थन लिया। ग्रामीणों, सरपंचों और गांवों के लोगों को धमकी भरे फोन कर कहा गया कि अगर उन्होंने अकाली दल को वोट नहीं दिया तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
