महाराष्ट्र में सोलापुर से मुंबई जाने वाली सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में एक सनसनीखेज चोरी ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेन के एसी कोच से करीब 5 करोड़ रुपये के सोने से भरी ट्रॉली बैग चोरी हो गई। यह घटना 6 और 7 दिसंबर की मध्यरात्रि सोलापुर से कल्याण के बीच हुई।
घटना के शिकार मुंबई निवासी अभयकुमार जैन अपनी बेटी के साथ कोच A-1 में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने अपने ब्लू-ब्लैक कलर की अमेरिकन टूरिस्टर बैग को लॉक करके बर्थ के नीचे रखा था। लेकिन सुबह होते ही उन्होंने पाया कि कीमती सोने वाले गहनों से भरा पूरा बैग गायब है।
सुबह कल्याण पहुंचने पर खुला चोरी का पता
अभयकुमार जैन ने तुरंत TTE विक्रम मीणा को इसकी जानकारी दी और रेल मदद सेवा पर कॉल किया। कल्याण स्टेशन के पास लोकेशन होने की वजह से केस सीधे जीआरपी कल्याण को सौंपा गया। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इतनी बड़ी चोरी एसी कोच के अंदर होना पुलिस और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
जांच में लगा जीआरपी का पूरा अमला
जीआरपी ने कोच, प्लेटफॉर्म और सभी संबंधित स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। यात्रियों से पूछताछ, और बीच के स्टेशनों पर ट्रेनों को रोककर चेकिंग भी की गई।
पुलिस को शक है कि आरोपी पहले से प्लान बनाकर सफर कर रहे थे और मौके का इंतजार कर रहे थे। बैग को इतने सफाई से गायब किया गया है कि पूरा मामला किसी संगठित प्रोफेशनल गैंग की ओर इशारा करता है।
चोरी हुए सोने के गहनों की लिस्ट हुई जारी
चोरी हुए सोने की कुल मात्रा लगभग 5 किलो है, जिनकी बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बैग में मौजूद गहनों की सूची इस प्रकार है—
-
चैन–पेंडेंट – 60 ग्राम
-
मंगलसूत्र–पेंडेंट – 260 ग्राम
-
झुमके/टॉप्स – 800 ग्राम
-
सोने की कटोरियां – 300 ग्राम
-
कान चैन – 125 ग्राम
-
अंगूठियां – 800 ग्राम
-
‘याली’ डिजाइन ज्वेलरी – 350 ग्राम
-
नेकलेस – 900 ग्राम
-
सोने की माला – 140 ग्राम
-
काले मोतियों वाला मंगलसूत्र – 300 ग्राम
-
अन्य सेट – 226 ग्राम
-
नोजपिन (मोरनी) – 125 ग्राम
-
साथ ही अमेरिकन टूरिस्टर ट्रॉली और ECHOLAC ब्रिफकेस भी चोरी हुए हैं।
जल्द खुलासा होने की उम्मीद
जांच अधिकारी का कहना है कि यह मामला किसी साधारण यात्री का काम नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और प्रोफेशनल क्राइम लगता है। रेलवे सुरक्षा की चूक भी साफ दिखाई दे रही है।
फिलहाल जीआरपी कई संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया में है और जल्द चोरी की गुत्थी सुलझने की उम्मीद जताई है।
