पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों के खिलाफ’ अभियान के 286वें दिन सख्त कार्रवाई करते हुए राज्य भर में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 305 जगहों पर रेड की और 68 ड्रग स्मगलरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 53 FIR दर्ज की और राज्य में पिछले 286 दिनों में कुल गिरफ्तार ड्रग स्मगलरों की संख्या 40,187 हो गई है।
बड़ी मात्रा में नशा बरामद
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 863 ग्राम हेरोइन, 352 नशीली गोलियां और 810 रुपये की ड्रग मनी जब्त की। इस कार्रवाई में 65 गज़टेड अधिकारियों की निगरानी में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने 120 से अधिक टीमों में बंटकर पूरे राज्य में छापेमारी की।
संदिग्धों की जांच और पुनर्वास
दिन भर चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने 327 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। साथ ही 40 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास के लिए तैयार किया गया। यह पहल न केवल ड्रग्स की तस्करी रोकने में मदद कर रही है, बल्कि नशे की लत छुड़ाने और समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में भी अहम साबित हो रही है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और इस अभियान में सहयोग करें। पंजाब पुलिस का यह लगातार अभियान राज्य में नशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को दिखाता है और युवाओं को सुरक्षित रखने के प्रयासों का हिस्सा है।
