MGNREGA में प्रस्तावित बदलावों को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर कड़ा हमला बोला है। AAP के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप धालीवाल ने VB-G RAM G योजना की तीखी निंदा करते हुए इसे गरीब विरोधी, किसान विरोधी और इंसानियत के खिलाफ करार दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की BJP सरकार गरीबों के मुंह से रोटी छीनने की कोशिश कर रही है।
कुलदीप धालीवाल ने कहा कि MGNREGA देश के करोड़ों गरीब और ग्रामीण परिवारों के लिए जीवनरेखा है। इस योजना को कमजोर करना सीधे तौर पर गरीबों के जीने के अधिकार पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि VB-G RAM G योजना के जरिए केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटना चाहती है और राज्यों पर बोझ डाल रही है।
गरीबों की रोज़ी पर सीधा वार
धालीवाल ने कहा कि सरकार भले ही रोजगार के दिनों को बढ़ाने के दावे कर रही हो, लेकिन हकीकत यह है कि बीते वर्षों में मजदूरों को पूरा काम तक नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि MGNREGA के तहत मिलने वाला रोजगार गरीब परिवारों के लिए सम्मानजनक जीवन का आधार है, जिसे खत्म करने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस नीति से किसानों और खेत मजदूरों को भी नुकसान होगा, क्योंकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा MGNREGA पर निर्भर करता है। यदि यह योजना कमजोर हुई तो गांवों में बेरोजगारी और गरीबी और बढ़ेगी।
AAP करेगी हक की लड़ाई
AAP नेता ने साफ कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा गरीबों और किसानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ सड़कों से लेकर विधानसभा तक आवाज उठाएगी।
कुलदीप धालीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की कि MGNREGA को कमजोर करने के बजाय इसे और मजबूत किया जाए, ताकि देश का गरीब और मेहनतकश वर्ग सम्मान के साथ अपना जीवन जी सके।
